Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पंतनगर स्थित मस्जिद कॉलोनी एवं बाल्मीकि कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र के किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए राजेश शुक्ला ने बताया कि हाल ही में खटीमा प्रवास के दौरान उन्होंने इस मुद्दे को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासियों की चिंताओं और समस्याओं पर मुख्यमंत्री के साथ गंभीर चर्चा हुई है, जिस पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है।

पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार आमजन के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं रखीं और पूर्व विधायक की पहल पर संतोष जताते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई।
