पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ की उच्च हिमालयी व्यास घाटी में मौसम ने अचानक करवट ली है। आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। शुक्रवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के बीच 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।
मौसम में आए इस बदलाव के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। वहीं, जिले में लगातार बारिश के कारण 11 मोटर मार्ग बंद बताए गए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए शनिवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

नाभीढांग में बारिश के साथ शुरू हुई बर्फबारी
केएमवीएन के नाभीढांग पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब चार बजे से नाभीढांग क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो रही है।
नाभीढांग करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। बर्फबारी के बाद यहां तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर बढ़ गया है।
गुंजी और आसपास के ऊंचाई वाले गांवों में भी बर्फबारी
केएमवीएन गुंजी के प्रबंधक होशियार रावत के अनुसार, गुंजी क्षेत्र में भी बारिश के साथ हल्की बर्फबारी जारी है। 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फ गिरने की सूचना है।
मौसम में अचानक आए बदलाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
बर्फ से ढकीं आदि कैलाश की चोटियां
करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल के अनुसार, आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
बारिश और बर्फबारी के बाद पूरे क्षेत्र में तापमान गिरा है। इन दिनों आदि कैलाश यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक व्यास घाटी पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव से यात्रा और आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
धारचूला में भी तेज हुई बारिश
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदलने के करीब एक घंटे बाद निचली घाटी में भी इसका असर दिखाई दिया। धारचूला नगर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हुई, जो शाम तक तेज हो गई।
बारिश के कारण सीमांत क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है और जनजीवन पर भी असर पड़ा है।
शनिवार को स्कूल बंद, इनर लाइन परमिट पर भी रोक
लगातार बारिश और मौसम की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं, धारचूला तहसील प्रशासन ने शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया है। एसडीएम आशीष जोशी के मुताबिक, 20 से 25 सितंबर के बीच कुल 2,783 परमिट जारी किए जा चुके हैं।
बारिश के कारण 11 सड़कें बंद
लगातार बारिश के चलते जिले की अलग-अलग तहसीलों में कुल 11 मोटर मार्ग बाधित हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बंद सड़कों को खोलने का काम संबंधित विभागों की ओर से जारी है।
बाधित प्रमुख मार्गों में शामिल हैं:
-
घाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग
-
धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग
-
तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग
-
ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग
-
देविचौना-जमतड़ी मोटर मार्ग
-
बड़ाबे-तोली-शिलिंगिया मोटर मार्ग
-
सोबला-उमचिया मोटर मार्ग
-
एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग
-
घापाबैंड-बुई-पातों मोटर मार्ग
-
देविसौना-गराली-कूटा मोटर मार्ग
-
कंज्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले में 11 सड़कें बंद हैं और उन्हें खोलने का कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद उच्च हिमालयी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। वहीं, लगातार बारिश से सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के कारण प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।