लालकुआं/हल्द्वानी, उत्तराखंड: हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तिकोनिया क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर महिला मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से छह युवतियों को भी रेस्क्यू किया गया है, जबकि मुख्य संचालक फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान टीम को अंदर संदिग्ध गतिविधियां चलने के प्रमाण मिले। तलाशी में दो रजिस्टर, 4,320 रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
चार गिरफ्तार, केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की महिला मैनेजर, एक स्थानीय सहयोगी और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संचालक फरार, पुलिस की तलाश जारी
छापे के दौरान स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे भी मामले में नामजद किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
रेस्क्यू युवतियों को भेजा गया सुरक्षित केंद्र
मौके से रेस्क्यू की गई छह युवतियों को प्रारंभिक काउंसलिंग के बाद मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। यहां उनकी देखरेख और काउंसलिंग की जा रही है, जिसके बाद उन्हें उनके परिवारों के सुपुर्द किया जाएगा।
कैंची धाम से लौटे थे आरोपी युवक
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दो युवक कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे और हल्द्वानी में ठहरे हुए थे। इसी दौरान वे स्पा सेंटर पहुंचे, जहां पुलिस की कार्रवाई में पकड़ लिए गए।
पहले से मिल रही थीं शिकायतें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस स्पा सेंटर के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं। लगातार इनपुट मिलने के बाद ही पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की।
बड़े नेटवर्क की जांच
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। आगे और गिरफ्तारियां भी संभव बताई जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार संचालक की तलाश में जुटी हुई है।