रामनगर:
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर और कॉर्बेट से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में मानसून के दौरान सांपों की गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। पिछले तीन दिनों में वन विभाग और स्नेक रेस्क्यू टीम ने 30 से अधिक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इनमें जहरीले कोबरा, रसेल वाइपर, कॉमन करैत, धामन और करीब 18 फीट लंबा बर्मीज पायथन (अजगर) भी शामिल है।

बारिश के बाद आबादी की ओर बढ़ रहे सांप
रेस्क्यू टीम के अनुसार, तेज गर्मी के बाद हुई बारिश के कारण सांप अपने प्राकृतिक बिलों से निकलकर भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि बीते कुछ दिनों में घरों और गांवों से लगातार सांप निकलने की सूचनाएं मिल रही हैं।
रेस्क्यू विशेषज्ञ चंदन कश्यप और उनकी टीम ने वन विभाग के सहयोग से सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा। प्राथमिक सुरक्षा जांच के बाद उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
इन प्रजातियों के सांपों का हुआ रेस्क्यू
रेस्क्यू अभियान के दौरान जिन प्रमुख प्रजातियों के सांपों को पकड़ा गया, उनमें शामिल हैं—
- स्पेक्टेकल्ड कोबरा
- रसेल वाइपर
- कॉमन करैत
- धामन (रैट स्नेक)
- करीब 18 फीट लंबा बर्मीज पायथन (अजगर)
18 फीट लंबे अजगर ने बढ़ाई दहशत
पूरे अभियान के दौरान सबसे अधिक चर्चा करीब 18 फीट लंबे बर्मीज पायथन की रही। इतना विशाल अजगर आबादी के समीप मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक उसे पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग ने लोगों से की अपील
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के वन दरोगा वीरेंद्र पांडे ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के बाहर निकलने की घटनाएं सामान्य रूप से बढ़ जाती हैं। विभाग लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वहीं, सेव द स्नेक सोसाइटी के अध्यक्ष चंद्र सेन कश्यप ने कहा कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराने या उसे मारने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बरसात के मौसम में बरतें ये सावधानियां
- घर और आसपास की झाड़ियों व घास की नियमित सफाई करें।
- रात के समय बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें।
- घर के दरवाजे और खिड़कियां यथासंभव बंद रखें।
- बच्चों को झाड़ियों या खुले मैदान में अकेले न जाने दें।
- सांप दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
वन विभाग का कहना है कि थोड़ी सावधानी और समय पर सूचना देने से ऐसे मामलों में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है।