दिनेशपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40), पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है।

घटनास्थल से बाइक भी बरामद
पुलिस ने बताया कि शव नेताजीनगर गांव स्थित एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक के शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत को लेकर हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।