देहरादून: एशिया की प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन आज से देहरादून में होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में भारत समेत 14 एशियाई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

भारत लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। वहीं, देहरादून में दूसरी बार इस प्रतियोगिता के आयोजन से शहर की पहचान अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स और शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के प्रमुख केंद्र के तौर पर और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। रविवार को विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ियों ने आइस रिंक में जमकर अभ्यास किया।
प्रतियोगिता में भारत, हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और दक्षिण कोरिया के स्केटर हिस्सा ले रहे हैं।
बड़ी संख्या में विदेशी खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के चलते एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 को भारत में आयोजित होने वाली प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है। प्रतियोगिता के आयोजन से उत्तराखंड में आइस स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलने के साथ ही देहरादून को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।