देहरादून:
उत्तराखंड के पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामलों में दर्ज एफआईआर के तहत की गई है। उन्हें हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट और आरोप
आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो-वीडियो सामग्री प्रसारित की, जिनमें उत्तराखंड के राजनीतिक नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और छवि खराब करने वाले दावे शामिल थे। इन वीडियो के वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में विवाद बढ़ गया और कई स्थानों पर एफआईआर दर्ज की गईं।
मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां उत्तराखंड हाईकोर्ट ने दर्ज चार एफआईआर में से दो को खारिज कर दिया, जबकि शेष दो मामलों में पुलिस जांच जारी रखने की अनुमति दी गई।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
सुरेश राठौर 2017 में हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद में पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।
उनके और उर्मिला सनावर के बीच कथित संबंधों और विवादित ऑडियो-वीडियो के चलते भी वे लगातार सुर्खियों में रहे।
पुलिस का बयान
देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पुष्टि की कि पूछताछ के बाद पूर्व विधायक को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
वहीं, शिकायतकर्ताओं में शामिल बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर भी मामले की जांच आगे बढ़ाई गई थी।