रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में 21 जुलाई से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार को कल्याणी नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खेड़ा वार्ड-17 निवासी रिजवान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मछली पकड़ने गए लोगों ने देखा शव
पुलिस के अनुसार, खेड़ा वार्ड-17 निवासी रियासत अली का 13 वर्षीय पुत्र रिजवान 21 जुलाई से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह कुछ लोग झील के पास स्थित कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे। इस दौरान उन्हें नदी में एक किशोर का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में शव की शिनाख्त रिजवान के रूप में हुई।
बेटे का शव मिलने से परिवार में मचा कोहराम
रिजवान का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि किशोर के सिर पर चोट के निशान हैं, जिसके आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।