देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने विस्तारक योजना के समन्वय और संचालन के लिए प्रदेश संयोजक और सह संयोजकों की नियुक्ति की है। इस टीम को चुनाव तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर विस्तारक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री की ओर से नियुक्तियों की सूची जारी की गई है।


नलिन भट्ट बने प्रदेश संयोजक
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट को विस्तारक योजना का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी 70 विधानसभा सीटों पर रहेगी नजर
भाजपा की यह टीम प्रदेश में चुनाव समाप्ति तक विस्तारक योजना के संचालन और समन्वय का काम करेगी। इसके लिए 70 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
पार्टी का लक्ष्य विस्तारक योजना के जरिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बनाए रखना और चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों को व्यवस्थित करना है।