बनबसा (चंपावत)। बनबसा सेना छावनी स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में विद्यालय प्रबंध समिति (VMC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता बनबसा सेना छावनी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह ने की। विद्यालय के प्राचार्य चंदन सिंह पिलखवाल ने विद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान शैक्षिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम और सहशैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक में विद्यालय में इंटरैक्टिव पैनल्स के उपयोग, डिजिटल शिक्षा और स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। समिति ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर जोर
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कर्नल अजय सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभिभावक-शिक्षक सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक के अंत में वरिष्ठ शिक्षक दिनेश आर्या ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बनबसा सेना छावनी स्थित 6 डोगरा रेजीमेंट के द्वितीय कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत कुमार वर्मा, सीआईएसएफ के एसी राजेश कुमार, एमईएस के जेई विनय, पूर्व प्रधानाचार्य बीडी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।