रुद्रपुर में मनोज बाजपेयी–एसएसपी मणिकांत मिश्रा की खास मुलाकात, फिटनेस और समाज पर हुआ संवाद
रुद्रपुर (उत्तराखंड) में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी और उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की मुलाकात खास चर्चा का विषय बनी। इस दौरान दोनों के बीच सिनेमा, समाज, कानून-व्यवस्था, अनुशासन और फिटनेस जैसे अहम मुद्दों पर लंबी और सार्थक बातचीत हुई।


गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे मनोज बाजपेयी की यह मुलाकात एक औपचारिक शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि गंभीर और सकारात्मक संवाद में बदल गई। बातचीत में दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए और इस बात पर चर्चा की कि सिनेमा और प्रशासन मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव कैसे ला सकते हैं। युवाओं की सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासित जीवनशैली भी चर्चा के प्रमुख विषय रहे।
बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस से काफी प्रभावित नजर आए। अभिनेता ने उनकी फिटनेस की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की शारीरिक फिटनेस तो फिल्मों में काम करने वाले कलाकारों के लिए भी जरूरी होती है। फिटनेस पर चर्चा के दौरान मनोज बाजपेयी ने अपनी जीवनशैली और स्वास्थ्य से जुड़े कुछ अनुभव भी साझा किए।

ईटीवी भारत से बातचीत में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अभिनेता मनोज बाजपेयी ने फिटनेस को लेकर बताया कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और ऐसे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं जो शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। वे उस समय सुर्खियों में आए थे जब ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ अभियान के दौरान 70 वाहनों और करीब 300 पुलिसकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचकर बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई थी। इस ऑपरेशन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से वायरल हुए थे।