नैनीताल:
नैनीताल के ज्योलीकोट क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में लखनऊ का एक पर्यटक और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लखनऊ के पर्यटक लौट रहे थे वापस
पुलिस के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी निखिलेंद्र सिंघल अपने दोस्तों सिद्धार्थ प्रताप सिंह, निखिल त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह और आदर्श मिश्रा के साथ नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार को सभी टैक्सी वाहन से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। वाहन को हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह चला रहा था।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 बैंड से कुछ आगे हल्के मोड़ पर वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। टैक्सी सड़क किनारे लगे सुरक्षा पत्थरों से टकराने के बाद करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
एक घंटे चला रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद वाहन में फंसे सभी पर्यटकों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दो की हालत गंभीर
दुर्घटना में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया।
कोतवाली प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।