
पौड़ी गढ़वाल। एकेश्वर ब्लॉक के ईडा मल्ला गांव में महिला पर गुलदार के हमले के बाद वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में शनिवार तड़के एक गुलदार कैद हो गया। गुलदार को वन विभाग के रेंज मुख्यालय ले जाया गया है, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव निवासी लीला देवी (55), पत्नी बलदेव सिंह, खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना के बाद गढ़वाल वन प्रभाग की टीम हरकत में आई और गुलदार को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास पिंजरा लगाया।
शनिवार तड़के पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। वन विभाग की ओर से उसे रेंज मुख्यालय ले जाया गया है। मेडिकल परीक्षण के बाद वन विभाग गुलदार के संबंध में आगे की जानकारी साझा करेगा।