हरिद्वार। ज्वालापुर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।


निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
बेकाबू बस ने वहां खड़े एक ऑटो और चार कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के दौरान एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
बस की टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है।
बस चालक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ बस की रफ्तार और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक का उपचार जौलीग्रांट हायर सेंटर में कराया जा रहा है।