हरिद्वार: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत धर्मनगरी में सड़क और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। शहर के मार्गों के सुधारीकरण के दूसरे चरण में सिंहद्वार से दर्शनानंद द्वार तक फुटपाथ निर्माण के साथ पथ प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके साथ ही धर्मनगरी के प्रमुख प्रवेश और बाजार क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी।


मार्ग सुधारीकरण के पहले चरण में फिलहाल देवपुरा से चंद्राचार्य चौक तक सड़क और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसके बाद दूसरे चरण में प्रमुख मार्गों और कुंभ क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
चंडी देवी और मनसा देवी बाजार में भी लगेंगी सोलर लाइटें
परियोजना के तहत मां चंडी देवी बाजार क्षेत्र के पाथवे नंबर एक में प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। वहीं मां मनसा देवी बाजार क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा आधारित लाइटें स्थापित की जाएंगी।
मेला प्रशासन के अनुसार, परियोजना में सौर प्रकाश की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग का कार्य शामिल है। इसका उद्देश्य कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
सिंहद्वार-दर्शनानंद द्वार मार्ग पर बढ़ेगी रोशनी
सिंहद्वार से दर्शनानंद द्वार तक के मुख्य मार्ग पर वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे पथ प्रकाश से रोशनी मिलती है। अब मार्ग सुधारीकरण के दूसरे चरण में फुटपाथ के साथ प्रकाश व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।
कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रात के समय बेहतर रोशनी को सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सौर ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
मेला प्रशासन सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के तौर पर विकसित कर रहा है। इससे ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के साथ पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और प्रकाश व्यवस्था को शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की अहम कड़ी माना जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हरिद्वार को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है।
17 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
मेला प्रशासन ने सौर प्रकाश परियोजना को 17 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सौर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है।
मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार सोनिका ने कहा कि कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को भी बढ़ावा मिलेगा।
– सोनिका, मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार