देहरादून: रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों ने देहरादून आने वाली ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया। सुबह से शाम सात बजे तक चले अभियान में ट्रेनों के भोजनयान, लघु भोजनयान और स्टेशन पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
जांच के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस के लघु भोजनयान से टमाटर सूप का नमूना लिया गया। नमूने को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इससे पहले रेलवे की ओर से पनीर का नमूना भी जांच के लिए भेजा जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर जुर्माना
अभियान के दौरान रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान करने वाले यात्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर दो हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से सार्वजनिक स्थानों और ट्रेनों में धूम्रपान से बचने की अपील की।
यात्रियों को रेलवन एप की जानकारी
निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवन एप के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एप के माध्यम से यात्री रेलवे की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अभियान में सहायक मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हरि सिंह मीणा, सीआईटी सुहेल खान, ओएसएचआई दौलत सिंह, वाणिज्यिक निरीक्षक एसके अग्रवाल और आरपीएफ थाना प्रभारी पंकज यादव समेत रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता पखवाड़े का भी हुआ शुभारंभ
रेलवे की ओर से 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा भी आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और परिसर में साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।
स्वच्छता पखवाड़े के शुभारंभ पर स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। रेलवे के अनुसार अभियान का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसरों को अधिक स्वच्छ बनाए रखना है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों और स्टेशनों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी जारी रहेगी।