देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने राज्य में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है। पार्टी ने पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाने का निर्णय लिया है।

अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक विशेष समन्वय एवं संचालन समिति का गठन किया है। समिति में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य इशिता को संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांशा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल तथा युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव अभिमन्यु और वरुण बालियान को सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने समिति के सदस्यों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने की अपेक्षा जताई है।
कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि अभियान के तहत प्रदेश के जिला, महानगर और ब्लॉक मुख्यालयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रेस वार्ताओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी ने राहुल गांधी द्वारा कोटा में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर दिए गए संदेश को भी प्रदेशभर में व्यापक रूप से प्रचारित करने की योजना बनाई है। कांग्रेस का कहना है कि स्थानीय भाषाओं में प्रचार-प्रसार कर अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियां लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। इन्हीं विषयों को लेकर पार्टी जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को जागरूक करेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास करेगी।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह अभियान छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाकर शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर व्यापक जनचर्चा का माहौल तैयार करेगी।