नई दिल्ली/देहरादून: सऊदी अरब से हज का पाक और मुकद्दस सफर पूरा कर उत्तराखंड के हाजी सुरक्षित वतन लौट आए। राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भव्य और भावनात्मक इस्तकबाल किया गया।

एयरपोर्ट पर पहुंचे परिजनों और शुभचिंतकों ने हाजियों का फूल-मालाओं और गले मिलकर स्वागत किया। इस दौरान खुशी और सुकून का माहौल देखने को मिला, जहां हाजियों के चेहरे पर हज की रूहानी यात्रा की चमक साफ नजर आई।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष Khatib Ahmad ने हाजियों को इस पवित्र यात्रा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसे पूरा करना हर मुसलमान के लिए एक बड़ी नेमत है। उन्होंने कहा कि हाजियों ने हज के दौरान देश, प्रदेश और पूरी इंसानियत के लिए अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी हैं।

Khatib Ahmad ने हाजियों की सकुशल वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और सुकून का पल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हाजियों की दुआओं से समाज में शांति और सद्भाव और मजबूत होगा।
गौरतलब है कि हर वर्ष उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोग हज यात्रा पर जाते हैं और सुरक्षित लौटने पर उनका इस तरह स्वागत किया जाता है, जो सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की मिसाल पेश करता है।