अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक के सेली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक रिश्तों के बीच ही खून-खराबा हो गया। आरोप है कि एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास के साथ मिलकर अपने ससुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक चंद्रशेखर पांडे ने अप्रैल 2026 में अपनी बड़ी बेटी जानकी की शादी हरियाणा के हांसी निवासी धर्मवीर से की थी। शादी के कुछ समय बाद वह अपने गांव लौट आए थे और खेती-बाड़ी कर रहे थे। 20 जून को उनकी बेटी और दामाद अचानक गांव पहुंचे।
आरोप है कि 21 जून को किसी विवाद के चलते धर्मवीर ने पत्नी जानकी और सास खष्टी देवी के साथ मिलकर चंद्रशेखर पांडे पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में उन पर कई बार वार किए गए, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और हाथ-पैर की हड्डियां तक टूट गईं।
घटना के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी को लेकर मौके से फरार हो गया। देर रात ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने कमरे में बंद घायल चंद्रशेखर को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान गई।
मृतक के पिता नारायण दत्त पांडे की शिकायत पर दन्या थाने में धर्मवीर, जानकी और खष्टी देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।