भारतीय जनता पार्टी के रुद्रपुर जिला कार्यालय में पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जताई और मिष्ठान वितरण कर जीत का जश्न मनाया।

इस मौके पर कमल कुमार जिंदल ने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और संगठन की मजबूत एकता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में जनता का बढ़ता विश्वास भाजपा की नीतियों और नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है।

जिला कार्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए जीत की खुशी साझा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।