
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शनिवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत सात जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अक्तूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में 26 अक्तूबर तक हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।