देहरादून: उत्तराखंड में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला है। देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर शनिवार को मौसम खराब रहने के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह से अब तक दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली कुल तीन उड़ानें ही एयरपोर्ट पर उतर सकीं।
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण तीन उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट किया गया, जबकि एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा कई अन्य उड़ानों के निर्धारित समय में भी बदलाव किया गया है।

आसमान में चक्कर लगाने के बाद दिल्ली डायवर्ट हुईं उड़ानें
खराब मौसम के कारण एयर इंडिया की मुंबई-देहरादून उड़ान को सुबह 9:55 बजे एयरपोर्ट पर उतरना था। हालांकि, मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण विमान ने एयरपोर्ट के ऊपर कई चक्कर लगाए। इसके बाद उड़ान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह एयर इंडिया की दिल्ली से आने वाली उड़ान को सुबह 10:20 बजे देहरादून पहुंचना था। विमान ने भी एयरपोर्ट के आसपास कई चक्कर लगाए, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर इसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान रद्द
दोपहर 12:20 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया।
इसी समय मुंबई से देहरादून आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक अन्य उड़ान को भी मौसम खराब होने के कारण दिल्ली डायवर्ट किया गया।
कई उड़ानों के समय में बदलाव
मौसम खराब होने के कारण उड़ानों के शेड्यूल पर भी असर पड़ा है। दिल्ली से देहरादून आने वाली एक उड़ान का निर्धारित समय दोपहर 1 बजे से बदलकर शाम करीब 4:15 बजे कर दिया गया है।
एयरपोर्ट पर यात्रियों को उड़ानों के नए समय और संभावित बदलावों की जानकारी संबंधित एयरलाइन से लेने की सलाह दी जा रही है।
एयरपोर्ट के आसपास मौसम लगातार खराब
देहरादून एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। लगातार खराब मौसम के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हो रहे हैं।
मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले घंटों में भी कुछ उड़ानों के समय में बदलाव, देरी या डायवर्जन की संभावना बनी हुई है। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।