नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 19 और 20 सितंबर 2026 के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात की स्थिति के अनुसार पुलिस जरूरत पड़ने पर प्लान में बदलाव भी कर सकती है।

निजी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग
पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी से भीमताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले बाहरी राज्यों और अन्य जिलों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा।
वहीं, नैनीताल और गेठिया की ओर से कैंची धाम आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
भारी वाहनों के रूट में बदलाव
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों के आवागमन में भी बदलाव किया गया है। अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जा सकता है।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा सकता है।
सड़क किनारे पार्किंग पर पूरी तरह रोक
पुलिस ने सड़क किनारे या ऐसी किसी जगह पर वाहन खड़ा करने पर रोक लगाई है, जहां पार्किंग से यातायात बाधित हो सकता है। निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।
टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी निगरानी
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। केवल निर्धारित अथवा अधिकृत वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के आवागमन को प्राथमिकता दी जाएगी और इनके लिए निर्बाध मार्ग सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने तथा डायवर्जन और शटल सेवा से जुड़े निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस के मुताबिक, विशेष यातायात व्यवस्था का उद्देश्य वीकेंड के दौरान संभावित भीड़ के बीच कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखना और जाम की स्थिति से बचना है।