काशीपुर: कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KGCCI) की ओर से 4 लेबर कोड्स और POSH अधिनियम विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बदलते औद्योगिक परिवेश के बीच श्रम कानूनों, रोजगार संबंधी प्रावधानों और वैधानिक अनुपालन की जानकारी उद्योग प्रतिनिधियों को दी गई।

एक होटल में बृहस्पतिवार को आयोजित सेमिनार में KGCCI अध्यक्ष विनीत कुमार संगल ने कहा कि मौजूदा औद्योगिक परिस्थितियों में श्रम कानूनों और वैधानिक प्रावधानों की सही जानकारी प्रत्येक उद्योग के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि कानूनों की समझ और प्रभावी अनुपालन से संस्थानों को बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलती है।
4 लेबर कोड्स के महत्वपूर्ण प्रावधान समझाए
सेमिनार के मुख्य वक्ता ललित बब्बर, हेड-एचआर गवर्नेंस, एम्प्लॉयमेंट लॉ एंड कम्प्लायंस एडवाइजरी, NAKS एंड एसोसिएट्स, नई दिल्ली ने स्लाइड प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को चारों लेबर कोड्स के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने कोड ऑन वेजेस-2019 के तहत वेजेस और वेतन की एकीकृत परिभाषा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों को व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए समझाया। इसके बाद इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड-2020 के तहत औद्योगिक संबंधों, कर्मचारी और श्रमिक की परिभाषा तथा उनसे जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
सेमिनार में श्रम कानूनों के अनुपालन और कार्यस्थल से जुड़े वैधानिक प्रावधानों को लेकर भी प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
औद्योगिक प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में KGCCI सिडकुल जोनल चेयरमैन अनूप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अंकित बंसल, रमेश कुमार मिल्ला, अश्विनी छाबड़ा, संजीव तोमर, बीवी श्रीधर, नरेश घई, अतुल कुमार मिश्रा, ओमवीर चौहान समेत कई उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों ने श्रम कानूनों और वैधानिक अनुपालन से जुड़े विषयों पर जानकारी हासिल की तथा विशेषज्ञ से विभिन्न पहलुओं को लेकर चर्चा भी की।