देहरादून: उपराष्ट्रपति के 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनजर दून पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करें और यात्रा के दौरान यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

इन समय लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान
दून पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। 20 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक और फिर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात प्लान लागू किया जाएगा।
ऋषिकेश से देहरादून और मसूरी जाने वाले वाहन
ऋषिकेश की ओर से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए देहरादून शहर में प्रवेश कराया जाएगा।
मसूरी जाने वाले वाहन सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर जाएंगे।
हरिद्वार से देहरादून-मसूरी जाने वालों के लिए रूट
हरिद्वार से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक के रास्ते देहरादून शहर में प्रवेश कराया जाएगा।
मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी जाने वाले वाहन
आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला का रूट निर्धारित किया गया है।
देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने का रास्ता
देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा।
मसूरी से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वालों के लिए डायवर्जन
मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, 6 नंबर पुलिया और महाराणा प्रताप चौक होते हुए थानों रोड की ओर भेजा जाएगा।
ईसी रोड, घंटाघर और दिलाराम से मसूरी जाने वालों के लिए
ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहन सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होकर जाएंगे।
घंटाघर से मसूरी जाने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं, हाथीबड़कला और दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर का रूट तय किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक प्रतिबंधित मार्गों का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और सड़क के किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।