रुद्रपुर: जिले में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के तहत छह उप निरीक्षकों समेत सात पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती पर पहुंचकर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला आदेश के अनुसार उप निरीक्षक महेश कांडपाल को कोतवाली ट्रांजिट कैंप से कोतवाली रुद्रपुर भेजा गया है। उन्हें एसएसआई द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का तबादला कोतवाली गदरपुर से ट्रांजिट कैंप किया गया है। उन्हें ट्रांजिट कैंप में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को कोतवाली सितारगंज से कोतवाली गदरपुर भेजा गया है। वहीं खटीमा क्षेत्र में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। उप निरीक्षक किशोर पंत को कोतवाली खटीमा से स्थानांतरित कर मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही मझोला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय का तबादला कोतवाली खटीमा किया गया है।

इसके अलावा महिला उप निरीक्षक संतोषी को थाना झनकईया से कोतवाली खटीमा भेजा गया है। वहीं कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर आमद दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
पुलिस महकमे में किए गए इस फेरबदल के जरिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण मजबूत करने और कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने पर जोर दिया गया है। नई जिम्मेदारियों के साथ संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।