रुद्रपुर: श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत रुद्रपुर में प्रदर्शन किया। संघ की जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम 11 सूत्री ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के जरिए श्रमिक हितों से जुड़ी मांगों पर तत्काल विचार कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान संघ ने देशभर में श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने और न्यूनतम EPS पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई। पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता और पूर्ण चिकित्सा सुविधा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
संघ ने EPF की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये, बोनस की गणना सीमा 7 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और बोनस पात्रता की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग रखी।
इसके अलावा आंगनबाड़ी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कर्मचारियों के मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने और बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
भारतीय मजदूर संघ ने केंद्र सरकार से श्रमिकों की इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।