रुद्रपुर: भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन उग्र हो गया। सुबह नगर निगम परिसर से शुरू हुआ विरोध-प्रदर्शन कोतवाली होते हुए रामपुर हाईवे तक पहुंच गया। करीब छह घंटे तक शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हाईवे जाम किए जाने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल कराया।

वाल्मीकि समाज की मांग थी कि पारस चुघ, उनके भाई सन्नी और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते प्रदर्शन तेज हो गया।
कांग्रेस के साथ मेयर और पूर्व मेयर भी प्रदर्शन में पहुंचे
वाल्मीकि समाज के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। नगर निगम परिसर में मेयर विकास शर्मा और पूर्व मेयर रामपाल ने भी धरने में पहुंचकर समर्थन जताया।
दोपहर करीब एक बजे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से जुलूस निकाला और कोतवाली पहुंच गए। यहां सीओ कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया गया। पुलिस ने कोतवाली के गेट पर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
रामपुर हाईवे पर 15 मिनट तक प्रदर्शन
कोतवाली से आगे बढ़ते हुए प्रदर्शनकारी करीब ढाई बजे रामपुर हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। करीब 15 मिनट तक हाईवे पर नारेबाजी और धरना चलता रहा। प्रदर्शन के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
यातायात प्रभावित होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। पुलिस की सख्ती के बाद हाईवे खाली कराया गया और यातायात सामान्य हो सका।
फ्लाईओवर के पास टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
मामला शुक्रवार रात का है। गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि अपने दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से जा रहा था। आरोप है कि फ्लाईओवर के पास एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों पर दोनों युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद पारस चुघ भी मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज व मारपीट की गई। घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस का दावा- CCTV में मारपीट नहीं दिखी
पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई थी। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। वहीं, वाल्मीकि समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।