हल्द्वानी। शहर के बेस अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक युवक कथित तौर पर शराब के नशे में ओपीडी में दवा लेने पहुंचा। युवक ने महिलाओं की कतार तोड़कर आगे जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने महिला मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

महिलाओं की लाइन तोड़ने पर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय युवक सीधे ओपीडी काउंटर पर पहुंचा और महिला मरीजों की कतार में घुसकर आगे बढ़ने लगा। लाइन में खड़ी महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो वह आक्रामक हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में भी नाराजगी देखने को मिली।
होमगार्ड और कर्मचारियों ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवान और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को लाइन से हटाकर समझाने का प्रयास किया और बाद में उसे अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया। समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से स्थिति सामान्य हो गई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
अस्पताल प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
घटना के बाद महिला मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की।
बेस अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधीक्षक (PMS) डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की अराजकता, अभद्र व्यवहार या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा कर्मियों और होमगार्ड को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति अस्पताल के नियमों का उल्लंघन करता है या मरीजों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।