रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित बगवाड़ा क्षेत्र की ग्रीन व्यू कॉलोनी में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान धर्मेंद्र सिंह रावत (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली की तकनीकी खराबी दूर करने के दौरान वह बिजली के पोल से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिजली की खराबी दूर करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे और अपने परिवार के साथ बगवाड़ा स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे। ड्यूटी से घर लौटने के बाद उन्हें घर की बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि वह समस्या दूर करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े। प्रारंभिक स्तर पर करंट लगने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में धर्मेंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जवान की असामयिक मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पीएसी में शोक की लहर
धर्मेंद्र सिंह रावत के आकस्मिक निधन से 31वीं वाहिनी पीएसी में शोक का माहौल है। उनके सहकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार जवान बताया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और उसी के आधार पर मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।