रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कपिल शर्मा पुत्र देवी शरण शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी थे और वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में कार्यरत थे। परिवार में वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे।
दोस्तों के साथ गए थे स्विमिंग पूल
मृतक के चचेरे भाई सुधीर ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे कपिल अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में मातम छा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह जांच की जा रही है कि युवक की मौत डूबने, अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या या किसी अन्य कारण से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, दोस्तों से भी पूछताछ
घटना की जांच के तहत पुलिस स्विमिंग पूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा घटना के समय कपिल के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में शोक की लहर है और क्षेत्र में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।