हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए दो शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में दुकानों और वाहन चोरी की कुल सात वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, बीते मई और जून माह के दौरान लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्रों में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही वारदातों के बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और राजू बहादुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने लालकुआं में चार, मुखानी में दो और काठगोदाम में एक चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 2.28 लाख रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लगभग 16 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे आरोपियों ने चोरी के पैसों से खरीदा था।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर लेता था। वहीं उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी करता था ताकि किसी के आने की सूचना समय रहते मिल सके। चोरी के बाद दोनों आरोपी रकम को नशे और अन्य व्यक्तिगत खर्चों में खर्च कर देते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी राजू बहादुर पर 13 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि तीन थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दोनों शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों का अन्य चोरी की घटनाओं से भी कोई संबंध है या नहीं।