हरिद्वार/नई दिल्ली। दिल्ली में दर्ज दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक सनसनीखेज मामले में फरार आरोपी को दिल्ली पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लगातार धमकियां देने के गंभीर आरोप हैं। वह पिछले दो महीने से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी 26 वर्षीय युवक है, जो उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके का निवासी है। उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान मिली एक खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले की शिकायत 4 अप्रैल को दर्ज कराई गई थी। 21 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 में आरोपी ने उसे हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।
शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी लगातार युवती का पीछा करता था और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। आरोपी की इन हरकतों से पीड़िता लंबे समय तक मानसिक दबाव में रही।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दुष्कर्म, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग और आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान जब पीड़िता के दस्तावेजों की पड़ताल की गई तो पता चला कि कथित घटना के समय वह नाबालिग थी। इसके बाद मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दी और अदालत से गैर-जमानती वारंट भी हासिल किया। साथ ही उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक वह पहले भी गैर-इरादतन हत्या और जुए से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुका है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।