रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ जीवनशैली और खाद्य तेल के संतुलित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जिला महिला मोर्चा ने रुद्रपुर सिटी क्लब में विशेष सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए महिला मोर्चा के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान बिना तेल और कम तेल से तैयार किए गए विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों का प्रदर्शन एवं सहभोज आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ऐसे जन-जागरूकता अभियानों का उद्देश्य लोगों को बेहतर खान-पान की आदतों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल का संतुलित उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी सहायक हो सकता है।
उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मातृशक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस प्रकार के कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता को जन आंदोलन का रूप देने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रभारी विजया लक्ष्मी चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुषमा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष नीतू सक्सैना, जिला महामंत्री प्रीति धीर, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला उपाध्यक्ष स्वाति शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, अर्चना राय, पिंकी चतुर्वेदी, रजनी रावत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।