किच्छा। ग्राम पंचायत खुरपिया (किच्छा) में भूमिहीन खेतिहर मजदूरों के अधिकारों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। क्षेत्र के खेतिहर मजदूरों, भूमि प्रबंधन समिति एवं संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ विधायक तिलक राज बेहड़ उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री तथा राजस्व मंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से प्रेषित किया।

ज्ञापन में मांग की गई है कि खुरपिया क्षेत्र के वे भूमिहीन मजदूर परिवार, जिन्होंने वर्षों से सीलिंग भूमि को अपनी मेहनत से कृषि योग्य बनाया है, उन्हें उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र भूमि आवंटन का लाभ दिया जाए।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि यह मुद्दा केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का नहीं, बल्कि वर्षों से संघर्ष कर रहे श्रमिक परिवारों के न्याय और अधिकारों से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस मामले में नियमानुसार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनका हक मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक खुरपिया के इन मजदूर परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता, वे उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी भूमिहीन मजदूरों के हित में शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने दोहराया कि गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई वे लगातार जारी रखेंगे।
