देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद Kumari Selja एक बार फिर दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आ रही हैं। वे 17 और 18 जून को राज्य की राजधानी में रहकर पार्टी संगठन की समीक्षा और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी।

कांग्रेस नेता अमरेंद्र बिष्ट के अनुसार, इस दौरे के दौरान कुमारी सैलजा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और सुदृढ़ करना है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश प्रभारी आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर विशेष फोकस करेंगी। इसके साथ ही वे विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी।
इस दौरान वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से बैठक कर चुनावी रणनीति, राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके लगातार दौरों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है और संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिल रही है।
प्रदेश कांग्रेस इकाई ने उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं और बैठक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।