खटीमा/उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सीमांत क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ ग्राम बग्गा 54 में आयोजित ‘मुख्य सेवक जनसंवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का भरोसा दिया।

सीएम धामी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि देश आज विकास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।
ग्रामीणों द्वारा राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकारों की मांग उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने गांव की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का आश्वासन भी दिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उत्तराखंड से शुरू हुई यह पहल पूरे देश में समान अधिकार और न्याय की भावना को सशक्त करेगी। उन्होंने नकल विरोधी कानून को युवाओं के हित में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
गदरपुर में खेल आयोजन की तैयारियों की समीक्षा:
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने, दर्शक सुविधाओं, पार्किंग, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री अरविंद पांडे भी मौजूद रहे।
रुद्रपुर में भाजपा की प्रेस वार्ता:
वहीं रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने जनहित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।