Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने देशभर के आईफोन यूजर्स को एक नए साइबर फ्रॉड को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली इस एजेंसी ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी अब चोरी हुए आईफोन का इस्तेमाल कर लोगों के निजी डेटा और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

एजेंसी के मुताबिक, यह नया फ्रॉड “हाइब्रिड साइबर क्राइम” मॉडल पर आधारित है, जिसमें मोबाइल चोरी और ऑनलाइन फिशिंग दोनों को एक साथ अंजाम दिया जा रहा है। खासतौर पर वे लोग निशाने पर हैं जिनके आईफोन हाल ही में खो गए हैं या चोरी हुए हैं।
साइबर अपराधी पीड़ितों को फर्जी एसएमएस भेजते हैं, जो देखने में Apple Inc. सपोर्ट या “Find My iPhone” सेवा के आधिकारिक संदेश जैसे लगते हैं। इन मैसेज में दावा किया जाता है कि खोया हुआ फोन मिल गया है या सुरक्षा कारणों से उसे लॉक कर दिया गया है। इसके साथ एक लिंक भी भेजा जाता है, जिस पर क्लिक कर यूजर्स को तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा जाता है।

लिंक पर क्लिक करने के बाद यूजर एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो बिल्कुल असली iCloud लॉगिन पेज जैसी दिखाई देती है। यहां यूजर से Apple ID, पासवर्ड और OTP जैसी संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है। जानकारी मिलते ही साइबर ठग यूजर के iCloud अकाउंट का एक्सेस हासिल कर लेते हैं और “Find My iPhone” फीचर को बंद कर देते हैं।
इसके बाद चोरी हुए फोन से सभी सुरक्षा सेटिंग्स हटाकर उसे दोबारा इस्तेमाल या बेचने लायक बना दिया जाता है। इतना ही नहीं, यूजर्स की निजी तस्वीरें, ईमेल, बैंक डिटेल्स और अन्य जरूरी डेटा भी खतरे में पड़ जाता है।
आई4सी की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और केवल आधिकारिक Apple वेबसाइट या भरोसेमंद प्लेटफॉर्म के जरिए ही अपने अकाउंट की जानकारी जांचें। साथ ही टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने की भी अपील की गई है।