चंपावत। जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा के एक पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सहित तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी अपने पिता के साथ इलाज के लिए चंपावत आई थी। इलाज के बाद पिता गांव लौट गए, जबकि वह अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए शहर में ही रुक गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक उसे समारोह में ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया।
रात तक घर न लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खोजबीन की गई। अगले दिन सुबह किशोरी एक कमरे में बंधी हुई अवस्था में मिली।
पीड़िता का आरोप है कि तीन युवकों ने हथियारों के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी प्रियंका मौर्या को सौंपी गई है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। रेखा यादव ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.