Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत रविवार सुबह तेलंगाना सुपरफास्ट ट्रेन से मथुरा पहुंचे। उनका सात दिवसीय प्रवास वृंदावन स्थित केशव धाम में केंद्रित रहेगा, जहां वे 5 से 7 जनवरी तक संघ की अहम बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रचारक और कुछ मंत्रियों की भागीदारी रहेगी।

सूत्रों के अनुसार, केशव धाम में आयोजित यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव 2027 और संगठन की रणनीति पर विस्तृत चर्चा के लिए बुलायी गई है। 8 से 10 जनवरी तक मोहन भागवत संगठन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग मुलाकातों और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
आरएसएस प्रमुख के आगमन के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस टीम ने रविवार को ही केशव धाम में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
मोहन भागवत के मथुरा जंक्शन पहुंचने पर संघ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और काफिला उन्हें वृंदावन के लिए रवाना कर गया। बताया गया है कि बैठक गोपनीय रूप से होगी और मीडिया को इसमें प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस दौरान संगठन के महत्वपूर्ण निर्णयों और आगामी चुनाव से संबंधित रणनीति पर मंथन किया जाएगा।