उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड स्थित सांकरी में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांकरी विंटर फेस्टिवल एवं टूरिज्म महोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने केदारकांठा और हरकीदून की ओर जाने वाले पर्यटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरी क्षेत्र के केदारकांठा, हरकीदून, देवक्यारा, चांगसील और बराडसर ताल जैसे हिमालयी पर्यटन स्थल उत्तराखंड की पहचान हैं और स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के बड़े साधन बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पहाड़ी इलाकों में पर्यटन सीमित अवधि तक ही रहता था, लेकिन सरकार की शीतकालीन पर्यटन नीति और ताल-बुग्याल पर्यटन को बढ़ावा देने से अब पर्यटन सालभर चलने वाली गतिविधि बन चुका है, जिससे पहाड़ी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
सीएम धामी ने कहा कि सांकरी सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने पहली बार सांकरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों के स्नेह और उत्साह के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की पारंपरिक लकड़ी की वास्तुकला, लोकगीत, लोकनृत्य और सादगीपूर्ण पहाड़ी जीवनशैली राज्य की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव विकास के साथ विरासत को सहेजने की सरकार की सोच को भी दर्शाता है।
LIVE: उत्तरकाशी में आयोजित देवभूमि रजत उत्सव एवं शीतकालीन चारधाम यात्रा कार्यक्रम
https://t.co/eowdF9HjjA— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 24, 2025
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में सर्दियों के मौसम में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इससे सीमांत और पर्वतीय गांवों में पलायन रुक रहा है और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन से लोक कलाकारों, हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है। युवा ट्रेकिंग गाइड, होम-स्टे, होटल और पर्यटन से जुड़े अन्य कार्यों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी जैसे बुनियादी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है। उत्तरकाशी में पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, सड़क परियोजनाएं, पुरोला उप जिला चिकित्सालय और तिलोथ विद्युत गृह जैसी योजनाएं इसके उदाहरण हैं।
सांकरी, उत्तरकाशी में आयोजित केदारकांठा पर्यटन-तीर्थाटन शीतकालीन महोत्सव में सम्मिलित होकर देवतुल्य जनता को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर किए गए आत्मीय स्वागत हेतु मातृशक्ति का सहृदय आभार। pic.twitter.com/m8nN00hqVt
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 24, 2025
सीएम धामी ने सिलक्यारा टनल हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि 17 दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की संवेदनशीलता और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ कर रही है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने आम जनता से शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने और उत्तराखंड को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सहयोग का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने विंटर फेस्टिवल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया।