अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट तथा खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। जी.आई.सी. ग्राउंड में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन-रात्रि उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने और स्वच्छ व हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 200 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बिस्तरों वाला छात्रावास और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बैडमिंटन कोर्ट का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि गाँव-गाँव में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने और युवा में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुणों को विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नई पहचान बनाई। शीघ्र ही राज्य सरकार “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू करेगी, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।
नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री खेल विकास निधि’, ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’, ‘मुख्यमंत्री उदियमान खिलाड़ी योजना’ और ‘खेल किट योजना’ के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के समग्र विकास की भी जानकारी दी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पिछले चार वर्षों में ढाई सौ किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई गई हैं। अल्मोड़ा-पौड़ी-गढ़वाल-रुद्रप्रयाग मार्ग का निर्माण 400 करोड़ रुपये की लागत से हुआ, जबकि अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क का चौड़ीकरण 922 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर किया गया। ‘उड़ान योजना’ के तहत हेली सेवाओं की शुरुआत की गई और फलसीमा में हेलीपोर्ट निर्माणाधीन है। पेयजल आपूर्ति के लिए गगास नदी पर 31.27 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय परियोजना कार्यरत है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए शोभन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ाई गईं और 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं।

कार्यक्रम में सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, मेयर अजय वर्मा, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष महिला उद्यमिता परिषद गंगा बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।