काशीपुर के मोहल्ला महेशपुरा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत कार्य कर रहे एक बीएलओ के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने बीएलओ को फर्जी बताते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

मुरादाबाद रोड स्थित आदर्श नगर निवासी यश चौहान, पुत्र स्वर्गीय हेतराम सिंह, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जीआईसी प्रतापपुर में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। 20 दिसंबर को वह बतौर बीएलओ विधानसभा क्षेत्र-63, भाग संख्या 76, महेशपुरा पश्चिमी में एसआईआर का कार्य कर रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, वह वर्ष 2003 की मतदाता सूची का वर्ष 2025 की सूची से मिलान कर मैपिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब पौने पांच बजे वह मोहल्ला महेशपुरा निवासी आशा देवी पत्नी रमेश चंद से जानकारी ले रहे थे। तभी उनका बेटा अजय बाबू अपने साथी ब्रजेश के साथ वहां पहुंचा और अभद्रता करने लगा। दोनों ने उन्हें फर्जी बीएलओ बताते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए अजय बाबू और ब्रजेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई मनोज सिंह धोनी को सौंपी गई है।
सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ पर हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।