देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शासकीय दायित्वों की व्यस्तता के बावजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं, बल्कि मानसिक तनाव कम कर शरीर को भी स्वस्थ रखते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहना सबसे बड़ी पूंजी है और खेल इसे बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं।

शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का मुख्यमंत्री ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 42 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता आने वाले वर्षों में भी लगातार आयोजित होती रहेगी और सरकारी कार्मिकों में सकारात्मक ऊर्जा व खेल भावना को बढ़ावा देगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में नवाचारों, जनहितकारी निर्णयों और प्रभावी नीतियों के माध्यम से नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं। हाल ही में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे खेल अवसंरचना और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।