देहरादून। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की ओर से विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शादाब शम्स और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष भी मंच पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता फैलाना रहा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, आयोग के पूर्व अध्यक्ष आर.के. जैन और बिंद्रा जी, आयोग के सभी सदस्यगण तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड बतौर अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और समान अधिकारों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम राज्य में समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।