नैनीताल जिले में कैंची धाम के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। उत्तर प्रदेश के बरेली से दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, वाहन भवाली से लगभग तीन किलोमीटर आगे निगलाट क्षेत्र के पास पहुंचा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। दुर्गम इलाके और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चार लोगों का इलाज जारी है।
एसडीआरएफ की सब इंस्पेक्टर भावना ने बताया कि स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।