गदरपुर में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन: आत्मनिर्भरता और अनुशासन पर जोर
गदरपुर। भाजपा महिला मोर्चा के जिला स्तरीय सम्मेलन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया। मंगलवार को दिनेशपुर रोड स्थित बारातघर में आयोजित इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और संगठन की नीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्य वक्ता रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं ने अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। स्वरोजगार अपनाने वाली कई महिलाएं आज “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय स्वयं सहायता समूह महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रहे हैं।
विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की उन्नति और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिनमें एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की 50 फीसदी भागीदारी अब सशक्त भारत की पहचान बन चुकी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत मातृशक्ति हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही है। समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
जिला प्रभारी रश्मि रस्तोगी ने कहा कि भाजपा के प्रति महिलाओं का विश्वास लगातार बढ़ा है, जबकि सह संयोजिका और पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्ढी ने कहा कि महिलाओं ने स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं।
सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ज्योति अरोड़ा ने की और संचालन जिला मंत्री चंद्रिका फौगाट ने किया। इस अवसर पर सुरेश खुराना, चंकित हुड़िया, अभिषेक वर्मा, मनविंदर पांडेय, सीमा सरकार, दीपशिखा माथुर, मानसी शर्मा, निशा चौहान और सीमा चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन विरोधी गतिविधियों पर चेतावनी:
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने संगठन विरोधी कार्य करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निकाय और पंचायत चुनावों के दौरान पार्टी के खिलाफ मैदान में उतरे कार्यकर्ताओं को किसी भी सूरत में अभयदान नहीं दिया जाएगा। ऐसे लोगों की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को भेज दी गई है, और उनका राजनीतिक भविष्य पार्टी नेतृत्व तय करेगा।