नोएडा। प्रसिद्ध ट्रैवल ब्लॉगर और फोटोग्राफर अनुनय सूद (Anunay Sood) का अमेरिका के लास वेगास में निधन हो गया। इस दुखद खबर की जानकारी उनके परिवार ने गुरुवार सुबह अनुनय के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अनुनय एक वीडियो शूट पूरा करने के बाद होटल लौटे थे। उन्होंने कमरे में आराम किया, लेकिन अगली सुबह जब टीम के सदस्य उन्हें जगाने पहुंचे तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नोएडा निवासी अनुनय सूद तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके पिता राहुल सूद भेल के सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। बताया गया है कि अनुनय की मां दुबई में हैं और वहां से नोएडा लौट रही हैं। करीब एक सप्ताह में उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा।

सोशल मीडिया पर अनुनय सूद की जबरदस्त लोकप्रियता थी। उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर करीब चार लाख सब्सक्राइबर हैं। अपनी फोटोग्राफी और यात्रा से जुड़े वीडियो के जरिए उन्होंने लाखों युवाओं को प्रेरित किया।
फोर्ब्स इंडिया के टॉप 100 डिजिटल स्टार्स में जगह बना चुके अनुनय ने स्विट्जरलैंड, आइसलैंड, टोक्यो जैसे देशों से शानदार ट्रैवल कंटेंट साझा किए, जिससे वे भारत के सबसे लोकप्रिय ट्रैवल इन्फ्लुएंसरों में गिने जाते थे।