किच्छा/रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रदेश के हर बूथ पर जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि संगठन का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर पर काम करने वाले पदाधिकारी और कार्यकर्ता हैं, जिनके सुझावों और समस्याओं पर पार्टी गंभीरता से कार्य करेगी।

बुधवार को किच्छा की चीनी मिल परिसर में आयोजित भाजपा मंडल बूथ सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि मजबूत बूथ ही जीत की गारंटी है।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उन्हें बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सुरेश पपनेजा, संजीव कुमार सिंह, गोल्डी गौराया, दिनेश भाटिया, बलविंदर सिंह कालरा, मुकेश कोली, दया डसीला, रेणुका चौधरी, राजेश तिवारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उधर, देर शाम महेंद्र भट्ट रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने संत कबीर मंडल द्वारा आयोजित बूथ सम्मेलन में भाग लिया और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी चुनाव रणनीति पर चर्चा की।