
योग गुरु स्वामी रामदेव ने शुक्रवार (15 अगस्त 2025) को कहा कि भारत अब अमेरिका की राजनीतिक और आर्थिक गुंडागर्दी को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत, रूस, चीन, यूरोप और मध्य एशिया के देशों के साथ मिलकर एक नया गठबंधन बना रहा है, जो दुनिया के लिए सकारात्मक संदेश साबित होगा।
रामदेव ने कहा कि भारत ने अमेरिका के सामने झुकने का नहीं बल्कि डटकर खड़े होने का निर्णय लिया है। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था को मृत बताने वाले यह समझ लें कि हमारी अर्थव्यवस्था जीवंत है और तेजी से प्रगति कर रही है।”
इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 300 साल पहले भारत की अर्थव्यवस्था 400-500 ट्रिलियन डॉलर की थी, जिसे पहले मुगलों और फिर अंग्रेजों ने लूटा। बावजूद इसके भारत आज भी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल पर जोर दिया।
रामदेव ने चेतावनी दी कि अगर रूस, चीन, भारत, मध्य एशिया और यूरोप के देश एकजुट हो गए तो अमेरिका और ट्रंप की साम्राज्यवादी ताकत खत्म हो जाएगी।
पाकिस्तान पर तंज
पाकिस्तान की परमाणु धमकी पर भी उन्होंने निशाना साधा। रामदेव ने कहा कि पाकिस्तान जिन परमाणु हथियारों की धमकी देता है, वे उसके अपने नहीं बल्कि दूसरे देश के नियंत्रण में हैं। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया और उसकी गीदड़भभकी बेअसर कर दी।